फोटो व वीडियो : मनोज सैन/जोधपुर. राजनीतिक हलकों में अर्से से चर्चा का ये बाजार गर्म है कि सीएम राजे और मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच विरोध चल रहा है। इस बात को लेकर यह चर्चा और गर्मा गई थी जब भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष को लेकर करीब 40 दिनों तक असमंजस की स्थिति बनी रही थी। आखिरकार मदनलाल सैनी के प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह लगने लगा था कि सीएम राजे मंत्री शेखावत के पार्टी में बढ़ते कद को लेकर खुश नहीं है। इन अटकलों को उस समय विराम लग गया जब शुक्रवार को पीएम मोदी के स्वागत करने के लिए ये दोनों साथ दिखे। हालांकि स्वागत करने के लिए दोनों ही अलग-अलग पहुंचे थे। लेकिन मुख्यमंत्री राजे के वापसी के दौरान मंत्री शेखावत साथ देखे गए। एयरपोर्ट पर पहुंचने पर दोनों एक ही वाहन से बाहर आते दिखे। वापसी के दौरान सीएम के लिए अजीत भवन से चाय व नाश्ता आया था। इसके बाद यह बात साफ होती है कि चुनावी साल और पीएम मोदी के कार्यक्रम के चलते पार्टी के बड़े नेता अपनी खींचतान को इतर रखते हुए एकता का परिचय देते नजर आने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि जून में मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर जोधपुर पहुंची थीं। यहां उन्होंने एक के बाद लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में शिरकत की थी। इस दौरान आयोजित हुए कार्यक्रमों में शेखावत के सीएम राजे के साथ मंच साझा किए जाने को लेकर चर्चा जोरों पर थीं। लेकिन मुख्यमंत्री के जोधपुर पहुंचने पर खुद सांसद शेखावत एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए पहुंचे थे। वहीं इससे पूर्व छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन के कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री जोधपुर आई थीं तब गजेंद्र सिंह शेखावत को मंच पर पीछे की लाइन में बैठने का स्थान मिला था।
सीएम ने किए थे 18 लोकार्पण और शिलान्यास
बीते जून माह में मुख्यमंत्री ने सारण नगर के समीप 18 लोकार्पण और शिलान्यास किए थे। साथ ही बीजेएस कॉलोनी में ओवरब्रिज का शिलान्यास किया था। दोनों जगह सभाओं को संबोधित किया था। सीएम ने आगामी चुनावों के लिए साथ देने की शपथ भी दिलाई थी। जोधपुर विकास प्राधिकरण की ओर से शहर में करवाए जा रहे कार्यों को गिनाया था। पहले कार्यक्रम में जहां जाट समाज के आराध्य लोक देवता वीर तेजाजी के नारे लगे थे तो दूसरे कार्यक्रम में राजपूत समाज की ओर से सीएम का स्वागत किया गया था। दोनों कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद सीएम धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत भी की थी। उन्होंने शहर में 15 करोड़ रुपए के लोकार्पण और शिलान्यास एक ही दिन में किए थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QfzTnj
0 comments:
Post a Comment