टाउन हॉल के बाहर मिला शव
जोधपुर. हाइकोर्ट रोड पर जयनारायण व्यास स्मृति भवन टाउन हॉल के बाहर फुटपाथ पर रविवार को एक व्यक्ति का शव मिला। शिनाख्त के अभाव में उदयमंदिर थाना पुलिस ने शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार सुबह टाउन हॉल के सामने फुटपाथ पर एक व्यक्ति का शव नजर आया। उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं हैं। किसी बीमारी से उसकी मृत्यु का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पहचान के प्रयास किए, लेकिन बाद में शव मोर्चरी भिजवा दिया गया। मृतक की उम्र करीब चालीस साल, कद 5 फुट 8 इंच, बदन दुबला पतला, रंग सांवला है। उसने मटमैली पेंट व भूरी लाइनदार कमीज पहन रखी है।
सेवानिवृत्त थानेदार के मकान में चोरी, जाग होने पर बाइक छोड़ भागे
मण्डोर थानान्तर्गत मगरा पूंजला में कीर्ति नगर स्थित सेवानिवृत्त थानेदार के मकान के ताले तोडकऱ चोरों ने पर्स चुरा लिया। पड़ोसी के चिल्लाने पर दोनों चोर छत के रास्ते भाग निकले, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल वहीं रह गई। पुलिस के अनुसार मूलत: बिरलोका गांव हाल कीर्ति नगर सेक्टर 1 डी निवासी खींवराज पुत्र करनाराम जाट के घर रात को मोटरसाइकिल सवार दो चोर पहुंचे। बाइक को मकान के सामने खड़ी की। हाथ में लोहे के सरिए लेकर दोनों चोर फाटक फांदकर मकान में घुसे। मुख्य गेट पर लगा ताला तोडकऱ दोनों अंदर दाखिल हुए और फ्रीज पर रखा पर्स चुरा लिया। इतने में पड़ोसी ने उन्हें देख लिया और मदद के लिए चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर दोनों चोर छत के रास्ते से भाग निकले। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और बाहर खड़ी चोरों की मोटरसाइकिल थाने ले आई। जांच में उसके चोरी की होने का अंदेशा है।
चोरी के डम्पर में बजरी का अवैध परिवहन
गुड़ा विश्नोइयान गांव में नहर रोड से चोरी डम्पर कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उपनिरीक्षक कपूराराम के अनुसार खेजड़ली कलां निवासी श्यामलाल जाट का डम्पर गत 16 अगस्त को उसका भाई लेकर जा रहा था। नहर रोड पर वह लघुशंका करने उतरा तो कार में आए पांच व्यक्ति डम्पर चुराकर ले गए। आरोपी डम्पर का उपयोग बजरी के अवैध परिवहन में करने लगे। इसकी शिकायत करने पर कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने बजरी से भरा डम्पर जब्त कर श्यामलाल की शिकायत पर राजेश विश्नोई, दिनेश विश्नोई, रवि विश्नोई व दो अन्य के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी व श्यामलाल जाट पहले साझेदार थे। लेन-देन को लेकर दोनों में विवाद चल रहा है।
बीस हजार व बाजूबंध देकर ले गए 2 लाख के जेवर
एसयूवी में सवार एक युवक व दो महिलाएं हाथीराम का ओडा में एक ज्वैलर को बीस हजार रुपए व बाजूबंध थमाकर दो लाख रुपए के आभूषण ले उड़े। उन्होंने नियत तिथि तक राशि नहीं लौटाई, उलटा धमकियां देने लगे तो पीडि़त ज्वैलर ने सदर कोतवाली थाने में एफआइआर दर्ज करा दी। पुलिस के अनुसार हाथीराम का ओडा में दीनानाथ मंदिर के नीचे धनेश्वर ज्वैलर्स के संचालक अश्विनीकुमार सोनी ने रिपोर्ट में बताया कि शेरसिंह राजपुरोहित व दो महिलाएं 26 जून की शाम साढ़े चार बजे उसकी दुकान पर आए। तीनों ने आभूषण पसंद किए। शेरसिंह ने ज्वैलर से कहा कि उसके परिवार में शादी है और आभूषण खरीदना आवश्यक है। इसका भुगतान वह आठ-दस दिन बाद करेगा। बदले में उसने बाजूबंध व कानों के बाली की जोड़ी और बीस हजार रुपए दिए। विश्वास में आकर ज्वैलर इसके लिए तैयार हो गया। उसने सोने का नेकलेस, बाला जोड़ी, कान चेन, मंगलसूत्र व फीणी खरीदी। इनके तीन बिल उसे सौंप दिए और बाजूबंध, बालियां जोड़ी व बीस हजार रुपए रख लिए। पन्द्रह दिन बाद तक भुगतान न आने पर ज्वैलर ने शेरसिंह को फोन किया। कुछ दिन टालमटोल करने के बाद उसने उलटा धमकाना शुरू कर दिया। अब ज्वैलर को अंदेशा है कि बाजूबंध का वजन भी बेचे गए सोने से कम हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NirC0K
0 comments:
Post a Comment