-एम्स में एमबीबीएस छात्रा की आत्महत्या का मामला
जोधपुर.
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के छात्रावास में एमबीबीएस छात्रा रश्मि यादव की आत्महत्या के मामले को लेकर यादव अहीर समाज संस्थान जोधपुर व रश्मि के परिजन सोमवार को एम्स निदेशक डॉ. संजीव मिश्रा से मिले। शिष्टमंडल ने एम्स निदेशक डॉ. मिश्रा से वार्ता में छात्रा रश्मि की आत्महत्या को लेकर एम्स प्रशासन की ओर से की गई पड़ताल के बारे में पूछा। छात्रा रश्मि के पिता रामनिवास यादव (Alwar) ने निदेशक को सुसाइड नोट में लिखी भाषा को लेकर सवाल किया, इस पर एम्स निदेशक बोले, अभी तक उन्होंने सुसाइड नोट नहीं देखा। इस पर यादव समाज के लोगों ने कहा कि घटना के ़11 दिन बाद भी आपने सुसाइड नोट नहीं देखा तो फिर एम्स प्रशासन ने अब तक क्या किया? इस पर निदेशक ने पुलिस की जांच मेंं पूरा सहयोग कर रहे हैं का जवाब देकर शिष्टमंडल को संतुष्ट किया। कक्ष में वार्ता के बाद बाहर आए यादव समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि एम्स निदेशक का जवाब अच्छा नहीं मिला। एम्स इस घटना के प्रति गंभीर नहीं है।
किसी और रश्मि की जान नहीं जाएं-
यादव अहीर समाज संस्थान जोधपुर के सचिव परविन्द्र यादव, के. के. यादव, रामसिंह यादव, कृपाराम यादव आदि ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के संस्थान एम्स में एमबीबीएस छात्रा रश्मि की मौत को राष्ट्रीय नुकसान माना जाना चाहिए, क्योंकि वह डॉक्टर बनने वाली थी और डॉक्टर देश की सम्पत्ति है। भविष्य में और कोई रश्मि ऐसे नहीं चले जाएं, उसके लिए एम्स प्रशासन व सरकार को दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने छात्रा को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर करने वाले दोषी के पकड़ नहीं होने तक आंदोलन करने की चेतावनी भी दी। शिष्टमंडल में दिनेश यादव, सत्यवीरसिंह, चेतन, रश्मि के भाई सुर्दशन, सुरेन्द्र, जगमालसिंह आदि शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों से भी मिले-
छात्रा रश्मि यादव के परिजन व यादव समाज के शिष्टमंडल ने पुलिस आयुक्त आलोक वशिष्ठ, उपायुक्त मोनिका सेन, शास्त्रीनगर थाना प्रभारी अमित सिहाग आदि से अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच निष्पक्ष करने की मांग की। उन्होंने रश्मि के सुसाइड नोट की प्रतियां भी ज्ञापन के साथ दी। पुलिस अधिकारियों ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि मामले जांच गहनता से की जा रही है, दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रश्मि के परिवार को शोक संदेश भेजना भूल गया एम्स प्रशासन
जोधपुर.
मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में छात्रा रश्मि यादव की आत्महत्या के बाद एम्स प्रशासन परिवार तक शोक संवेदना संदेश प्रेषित करना ही भूल गया। एम्स की ओर से रश्मि के परिवार तक शोक संदेश नहीं भेजा गया। जबकि रश्मि की मृत्यु के दो दिन बाद 28 जुलाई प्रात: 11 बजे एम्स के ऑडिटोरियम में शोक सभा रखी गई थी, जिसमें एम्स स्टाफ व मेडिकल कॉलेज विद्यार्थियों ने रश्मि को श्रद्धाजंलि दी। उसके बाद उस दिन की सभी क्लासेें स्थगित कर दी गई थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2MnuXem
0 comments:
Post a Comment