जोधपुर. कॉलेज के बहाने फिल्म देखने पहुंचने पर मां की डांट के बाद एक युवती बिना बताए घर से निकल गई। घरवालों ने पड़ोसी युवक पर बहला-फुसला भगा ले जाने का अंदेशा जताते हुए देवनगर थाने में एफआइआर दर्ज करा दी। जिस युवक पर शक था वह घर पर ही मिला। परिजन ने एक दो और युवकों के नाम बताए, लेकिन वे भी घरों पर मिले तो पुलिस व परिजन अचरज में पड़ गए। अब प्रतापनगर वृत्त के चारों थाने युवती की तलाश में जुटे हैं।पुलिस के अनुसार मसूरिया के बलदेव नगर निवासी एक युवती दो अगस्त की सुबह करीब ग्यारह बजे बिना बताए घर से निकली थी। उसका मोबाइल भी घर पर ही था। दिनभर तलाश के बावजूद युवती घर नहीं लौटी तो परिजन थाने पहुंचे और सामने रहने वाले एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। युवती पांच अगस्त को बालिग होगी और फरवरी में उसकी शादी होनी है।
पुलिस का कहना है कि युवती गत एक अगस्त को घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन वो कॉलेज नहीं पहुंची। उसके साथ पढऩे वाली बहन ने मोबाइल पर सम्पर्क किया तो वह घर आ गई। बहन ने मां को जानकारी दे दी। घर पहुंचने पर मां ने पूछा तो एकबारगी उसने इनकार कर दिया। फिर सख्ती से पूछने पर उसने पड़ोसी युवक के साथ फिल्म देखने जाने की जानकारी दी। मां की डांट-फटकार के बाद मामला शांत हो गया। अगले दिन दो अगस्त को युवती घर में ही संचालित पिता की स्कूल में बच्चों को पढ़ाने लग गई। सुबह करीब ग्यारह बजे वह बिना बताए घर से निकल गई। घरवालों ने दिनभर तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) मोनिका सेन के निर्देश पर देवनगर थाने के साथ ही प्रतापनगर वृत्त के अधीन वाले राजीव गांधी नगर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड व सूरसागर थाना पुलिस बलदेव नगर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ ही ऑटो रिक्शा व सिटी बस संचालकों से भी जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2MhzQFL
0 comments:
Post a Comment