-चोरी की मोटरसाइकिल जब्त, तीन वारदातें खुली
जोधपुर.
जोधपुर शहर के पावटा बी रोड पर अण्डरब्रिज के पास स्थित एटीएम में रुपए जमा करा रहे एक व्यक्ति पर रविवार शाम एक युवक ने चाकू से डरा-धमकाकर चार हजार रुपए व पर्स लूट लिया। महामंदिर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व हुलिए के आधार पर दो-तीन घंटे बाद आरोपी युवक को धर-दबोचा। स्मैक के आदी युवक ने चौबीस घंटे पहले ही शनिवार शाम पावटा सी रोड पर मोपेड सवार महिला बैंक कर्मचारी से पर्स लूटा था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अनंत कुमार ने बताया कि मटकी चौराहा निवासी जसाराम पुत्र बिरदाराम शाम पांच बजे पावटा बी रोड स्थित अंडरब्रिज के पास एसबीआई के एटीएम में रुपए जमा कराने गया। उसने चार हजार रुपए मशीन में लगाए ही थे कि एक युवक एटीएम में घुसा और चाकू निकालकर जसाराम के सीने में लगा दिया। वह उसे डराने व धमकाने लगा। जसाराम कुछ समझ पाता उससे पहले युवक ने मशीन में लगाए चार हजार रुपए और हाथ में से पर्स लूट लिया। पर्स में आधार कार्ड व लाइसेंस था।
पीडि़त की सूचना पर थानाधिकारी संजय बोथरा के नेतृत्व में पुलिस ने तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो-तीन घंटे बाद ही राजीव नगर के ओम नगर में सेक्टर डी निवासी सुयश पुत्र श्याम प्रकाश वाजपेयी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में उसने चाकू दिखाकर लूट करना कबूल कर लिया। उससे चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने गत दिनों अमित विश्वकर्मा के घर से मोटरसाइकिल व लेपटॉप चोरी करना भी कबूल किया है।
चौबीस घंटे लूटा था पर्स, मोपेड से नीचे गिरी थी महिला
महामंदिर में घांचियों का बास निवासी कविता पुत्र हरीशचन्द्र सोलंकी बीजेएस में बैंक ऑफ बड़ोदा में कार्यरत है। वह शनिवार शाम बैंक की छुट्टी होने के बाद मोपेड पर घर लौट रही थी। बैंक में साथी कर्मचारी मोपेड चला रही थी। पावटा सी रोड पर आर्य समाज भवन के सामने पहुंचने पर मोटरसाइकिल सवार हेलमेट पहने युवक ने कविता के हाथ से पर्स व मंगलूसत्र लूटने की कोशिश की। महिला ने पर्स कसकर पकड़ लिया, लेकिन युवक ने जोर से खींचकर पर्स लूट लिया। इससे वह मोपेड से नीचे भी गिर गई। पर्स में मोबाइल, आठ सौ रुपए, पेन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक के मुख्य शटर की चाबियां थी। आरोपी सुयश वाजपेयी ने यह वारदात भी कबूल की है।
स्मैक के लिए लूटपाट व चोरियां
आरोपी के पिता अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) हैं, लेकिन पुत्र स्मैक का आदी है। नशे के लिए रुपए की जरूरत पूरी करने के लिए वह लूट व चोरियां करने लग गया था। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2neg8zU
0 comments:
Post a Comment