जोधपुर.राजस्थान हाईकोर्ट में सोमवार को हरियाणा की डान्सर सपना चौधरी के शो के लिए पुलिस की इजाजत को लेकर न्यायाधीश संदीप मेहता ने पुलिस के आश्वासन पर 5 जुलाई को रात 8 बजे से 11 बजे तक कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी है। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने कार्यक्रम की अनुमति के संबंध में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम सरितासिंह और सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम कमलसिंह को अनुमति नहीं देने पर जोरदार लताड़ लगाई। इससे पहले अनुमति लेकर आने के आदेश देकर दोपहर दो बजे पुलिस अधिकारियों को फिर से तलब किया गया था।
पॉलिटिशिन्स के लिए जाब्ता कहां से लाते हो?
कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहाकि बड़ी मुश्किल से शहर में इवेंट्स मिलते हैं और उसमें भी पुलिस अड़ंगा लगा देती है। हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि पॉलिटिशियन्स के कार्यक्रम में लॉ एंड आर्डर के लिए जाब्ता कहां से लाते हो? अदालत ने तल्खी के साथ पूछा- पब्लिक के कार्यक्रम में नफरी कैे से नहीं मिलती? इस पर पुलिस अफसरों से कहा कि आयोजक हिस्ट्रीशीटर है तो कोर्ट ने पूछा यह कहां लिखा है कि वह कमा कर नही खा सकता? तब हाईकोर्ट ने पुलिस से पूछा कि आप परमिशन दोगे या कोर्ट की तरफ से परमिशन दी जाए। तब कहीं पुलिस की ओर से 2 बजे जवाब पेश करने के लिए कहा गया।
स्थगित कर दी थी सुनवाई
उल्लेखनीय है कि पिछली सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने कहा था कि वे अब 29 के बजाय 5 जुलाई को कार्यक्रम आयोजित करना चाहते हैं। इस पर कोर्ट में मौजूद एसीपी कमलसिंह ने कहा था कि सपना चौधरी जोधपुर में कार्यक्रम ही नहीं करना चाहतीं। आयोजक कोर्ट को बार-बार गुमराह कर रहे हैं। इस पर कोर्ट ने आयोजकों से सपना चौधरी का सहमति-पत्र पेश करने का आदेश देने दिया। साथ ही मामले की सुनवाई 2 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी थी।
अनुमति मांगी थी
उल्लेखनीय है कि याचिकाकर्ता संपत पूनिया ने पुलिस से पहले 10 जून को रावण का चबूतरा मैदान में सपना चौधरी का कार्यक्रम करने के लिए अनुमति मांगी थी, लेकिन पुलिस ने आयोजक के चाल-चलन व पूर्व गतिविधियों के बारे में कुड़ी भगतासनी पुलिस थाने से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जनहित में इजाजत देने से इनकार कर दिया। साथ ही सपना के कार्यक्रम का युवाओं में क्रेज के चलते भारी संख्या में सिक्योरिटी उपलब्ध कराने में भी असहमति प्रकट की थी। इस पर पूनिया ने हाईकोर्ट में याचिका दायर करते हुए पुलिस पर उसका शो बर्बाद करने का आरोप लगाया था। बाद में पूनिया ने पहले 20 जून और उसके बाद 29 जून को शो आयोजित करने की कहते हुए याचिका में भी नई तारीख का बदलाव किया था, इससे पुलिस व अभियोजन पक्ष नाराज हो गए थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2tKlXc4
0 comments:
Post a Comment