जोधपुर. बीती शाम जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय की ओर से अधिकांश कक्षाओं की प्रथम प्रवेश सूची ऑनलाइन जारी करने के बाद शुक्रवार को सूचियां संबंधित संकायों के बाहर चस्पा की गई। प्रवेश सूची में अपना नाम तलाशने और शुल्क जमा करवाने के लिए छात्र-छात्राएं कैंपस पहुंचे। बीकॉम प्रथम वर्ष में एक ही कक्षा के छात्र-छात्राओं के अलग-अलग शुल्क होने से वे परेशान हो गए। इसकी शिकायत संबंधित संकाय में की गई। संकायों ने ऑनलाइन कम्पनी को सूचित गलती सुधारने के लिए कहा। उधर शाम तक विवि के कला संकाय में बीए प्रथम वर्ष की प्रवेश सूची जारी नहीं हो सकी।
विवि के पुराना परिसर, नया परिसर और कमला नेहरु कॉलेज में बीकॉम, बीएससी, बीसीए, बीबीए, बीए एलएलबी, बी फर्मा, डी फार्मा की प्रथम प्रवेश सूची जारी हो चुकी है। केएन कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की भी सूची निकाली जा चुकी है। विवि के विभिन्न संकायों में प्रवेश सूचियां चस्पा की गई। इसमें नियमित और स्ववित्त पोषित दोनों प्रकार की सूचियां थी। छात्र-छात्राओं ने प्रवेश सूची में अपना नाम आने के बाद ऑनलाइन चालान का प्रिंट निकालना शुरू कर दिया। कुछ ने शुल्क भी जमा करवा दिया। बीकॉम प्रथम वर्ष में सरकारी सीट का शुल्क 1465 रुपए है, लेकिन कुछ छात्र-छात्राओं के 2465 रुपए का चालान जनरेट हुआ। इस पर केएन कॉलेज में छात्राओं ने शिकायत भी दर्ज करवाई। स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रम का शुल्क 8 से लेकर 13 हजार रुपए तक है।
पुराना परिसर और नया परिसर में प्रवेश सूची देखने के लिए छात्र छात्राएं पहुंचे। कई छात्र-छात्राएं एक अरसे बाद एक दूसरे से मिले। ऐसे में कॉलेज में चहल-पहल का माहौल रहा।
18 जुलाई तक जमा करना है शुल्क
प्रवेश सूची में नाम आने के बाद अधिकांश कक्षाओं के विद्यार्थियों को 18 जुलाई तक शुल्क जमा करवाना है। छात्र-छात्राएं ऑनलाइन शुल्क जमा करवा सकते हैं। इसके बाद कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएगी। कई कक्षाओं के टाइम टेबल अभी से तैयार कर लिए गए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2uhqhji
0 comments:
Post a Comment