जोधपुर.एक तरफ तो राज्य सरकार राजकीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, दूसरी तरफ एक शिक्षक ने पोषाहार को लेकर शिकायत करने वाले एक अभिभावक और छात्रा से अपशब्द कहे और उन्हें स्कूल से निकाल दिया।
मामलाजोधपुर जिले में ग्रामपंचायत मुख्यालय रायमलवाड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का है। विद्यालय के एसडीएमसी अध्यक्ष हीरालाल सोनी ने गत दिनों पोषाहार की दाल में मिर्च नहीं होने की शिकायत की थी। पोषाहार प्रभारी शिक्षक हड़मानाराम को यह शिकायत इतनी नागवार गुजरी कि उसने सोनी को अपशब्द कहने के साथ ही धमकी दी कि आइन्दा कभी स्कूल में मत आना। इतना ही नहीं, शिक्षक ने सोनी की पुत्री, कक्षा पांच की छात्रा को भी यह कहते हुए लात मारकर स्कूल से बाहर निकाल दिया कि इसे स्कूल में प्रवेश किसने दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। संववाददाता ने घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पंचायत प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी सीमा शर्मा से फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन वे छुट्टी पर थी लेकिन वीडियो उन्होंने भी देखा था। शर्मा के अनुसार शिक्षक हड़मानाराम पूर्व में भी इसी अभिभावक के साथ धक्कामुक्की कर चुका है। शर्मा ने कहा कि अभिभावक की कोई गलती नहीं थी और एक शिक्षक से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती। इस विषय में शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के लिए उच्चाधिकारियों को लिखूंगी। जबकि पोषाहार प्रभारी शिक्षक का कहना है कि एसडीएमसी अध्यक्ष सोनी चाहे जब स्कूल में आकर पोषाहार को लेकर परेशान करते है।
जान से मारने की धमकी
अभिभावक हीरालाल सोनी ने कहा कि पोषाहार प्रभारी ने मेरे साथ धक्कामुक्की की और मेरे सामने ही मेरी बच्ची को लात मारते हुए स्कूल से बाहर निकाल दिया। साथ ही किसी से भी इस बात की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकियां भी फोन से दिलाई जा रही हैं। सोनी ने इस मामले में ओसियां थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। ओसियां थानाधिकारी जयकिशन ने बताया कि अभी मैं बाहर हूं। अगर शिकायत आई है तो जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2mPgahu
0 comments:
Post a Comment