अखिल राजस्थान प्रबोधक संघ की एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी
जोधपुर.
अखिल राजस्थान प्रबोधक संघ की एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी रविवार को रातानाडा स्थित प्रजापत समाज सभा भवन में हुई। संगोष्ठी की अध्यक्षता संघ के प्रदेशाध्यक्ष केसरसिंह चम्पावत ने की। संगोष्ठी में प्रदेश के सभी जिलों के जिलाध्यक्षों ने प्रबोधकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में नामांकन वृद्धि के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही, विश्वास दिलाया कि 2021 तक नामांकन वृद्धि में राजस्थान प्रथम स्थान पर रहेगा। संघ के प्रदेश महामंत्री गुरुचरण थिंद ने संगठन को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने का निवेदन किया।
पदाधिकारियों ने हाथ उठाकर समर्थन किया
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विक्रमसिंह ने कोषाध्यक्ष का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। जिसका सभी पदाधिकारियों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। प्रदेश कार्यकारिणी के प्रवक्ता कर्णवीर सिंह, संयुक्त महामंत्री रमेशचंद्र शर्मा व कार्यक्रम प्रभारी गुमानसिंह ने संगठन की ओर से कराए गए विभिन्न कार्यों पर चर्चा की। कार्यक्रम के संरक्षक रामजीवन चौधरी व जिला महामंत्री गौरीशंकर ने अतिथियों, पदाधिकारियों व प्रदेशभर से आए प्रबोधकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रान्तीय सम्मेलन जोधपुर में आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।
प्रबोधकों का लेवल निर्धारण संगठन के प्रयासों का प्रतिफल
संघ के प्रदेशाध्यक्ष केसरसिंह चम्पावत ने संगठन की ओर से किए गए विभिन्न प्रयासों की चर्चा करते हुए बताया कि प्रबोधकों का लेवल निर्धारण, स्थानान्तरण नीति, फैमिली पेंशन का आदेश प्रबोधक संगठन के संघर्षशील प्रयासों का ही प्रतिफ ल है। उन्होंने संघ की परिचय संदर्शिका प्रकाशित करवाने, वित्त समिति, अनुशासन समिति, हर जिले में एक मीडिया प्रभारी बनाने का निर्णय लिया, जिसका सभी ने समर्थन किया। इससे पूर्व कार्यक्रम के संरक्षक रामजीवन चौधरी व जिला महामंत्री गौरीशंकर ने अतिथियों, पदाधिकारियों व प्रदेशभर से आए प्रबोधकों का स्वागत किया। जोधपुर जिलाध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजक सहीराम विश्नोई ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश संगठन मंत्री प्रकाशचंद्र मांजू ने किया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2J5oX7V
0 comments:
Post a Comment