पीपाड़सिटी (जोधपुर). शहर के अल्पसंख्यक व एससी बाहुल्य क्षेत्र अम्बेडकर कॉलोनी में गत दो माह से बाधित पेयजल आपूर्ति से परेशान महिलाओं के सब्र का बांध शुक्रवार को टूट गया और वे खाली मटकों के साथ सड़क पर उतर आई। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी के साथ रेलवे स्टेशन मार्ग पर मटके फोड़े तथा टायर जला कर रास्ता रोक दिया।
पालिकाध्यक्ष ने सुनी समस्या
सुबह दस बजे महिलाओं के सड़क पर उतर रास्ता रोकने की सूचना पर पालिका अध्यक्ष महेंद्र सिंह कच्छवाह, बीजेपी नगर अध्यक्ष धनराज सोलंकी, जवाहरलाल खींची मौके पर पहुंचे तो महिलाओं ने कड़ा आक्रोश जताया। पालिका अध्यक्ष ने इस दौरान जोधपुर अधिशासी अभियंता से मोबाइल फोन पर बात कर भीषण गर्मी में लडख़ड़ाई पेयजल आपूर्ति को शीघ्र ही सुचारु करने को कहा। इसी बीच पुलिस भी पहुंच गई और समझाइश के बाद महिलाओं ने सड़क से पड़ाव हटाया तो यातायात सुचारू हो सका।
अभियंता का घेराव
जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियन्ता मेहराम भी सूचना मिलने पर पहुंचे तो महिलाओं ने उनका घेराव कर खरी खरी सुना दी। इसके साथ यह कहते सुनाई दी कि 'साब थाणों नाम तो मेहराम है जणां गरीबां री बस्ती माथे बरसिया करों नी`। इस पर कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि शहरी क्षेत्र को दांतीवाड़ा पम्पिंग स्टेशन से पन्द्रह की बजाय बारह घंटे ही पानी मिलने और मंगलवार को क्लोजर रखने से पेयजल समस्या विकराल हो रही है।
इनका कहना है
शहर के आंतरिक भागों में सप्ताह में एक दिन ही जलापूर्ति हो रही। गरीबों के घरों में जल भंडारण की सुविधा नहीं है, इनको प्रतिदिन पानी की जरूरत रहती है।
-महेंद्र सिंह कच्छवाह, पालिका अध्यक्ष, पीपाड़सिटी
24 मई को भी किया था प्रदर्शन
उल्लेखनीय है अल्पसंख्यक बाहुल्य भागों में लम्बे समय से बाधित जलापूर्ति को लेकर 24 मई को भी स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और वे महिलाओं सहित सड़क पर उतर जाम लगा प्रदर्शन किया। शहरी क्षेत्र के दो अल्पसंख्यक बाहुल्य वार्ड सं.15 व 16 जो पालिका उपाध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष के निर्वाचन क्षेत्र है। लम्बे समय से पेयजल समस्या से ग्रसित है। प्रदर्शन की सूचना पर पालिका अध्यक्ष महेंद्रसिंह कच्छवाहा भी मौका पर पहुंचे। उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए विद्युत निगम और जलदाय विभाग के अभियंताओं को तलब किया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2LdwMcU
0 comments:
Post a Comment