भोपालगढ़ (जोधपुर ). उपखण्ड क्षेत्र के रतकुडिय़ा से खांगटा जाने वाली सडक़ पर उम्मेद रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे फाटक घंटों तक बंद रहने से दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी रहती है। आवागमन घंटों बाधित रहने के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में कई बार रेलवे के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन भेजे गए, मगर समाधान नहीं हो सका है। वहीं राज्यसभा सांसद ने भी कहा अब इस मुद्दे को सदन में उठाया जाएगा।
जोधपुर से मेड़ता रोड जंक्शन के बीच उम्मेद रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों को आमने-सामने क्रॉस देने के नाम पर कई बार मालगाडिय़ों व अन्य यात्री रेलगाडिय़ों को लम्बे समय तक इस स्टेशन पर रोक लिया जाता है। इस दरम्यान इस लाइन से कई ट्रेनें गुजर जाती हैं, लेकिन यहां रोकी जाने वाली रेलगाडिय़ों व मालगाडिय़ों को आगे नहीं बढ़ाया जाता। स्टेशन पर गाडिय़ों के रुके रहने से पटरियों को पार कर गुजरने वाले रतकुडिय़ा-खांगटा सडक़ मार्ग के रेलवे फाटक को भी इस अवधि तक बंद रखना पड़ता है। कई बार तो स्टेशन के अतिरिक्त ट्रेक पर खड़ी रहने वाली मालगाडिय़ां अधिक डिब्बों की वजह से इस सुरक्षा फाटक से पार तक आ जाती हैं। (निसं)
यात्री बसें भी होती हैं लेट
रेलवे क्रासिंग पर ट्रेनों व मालगाडिय़ों के लम्बे समय तक खड़े रहने से भोपालगढ़-पीपाड़-बिलाड़ा मार्ग पर चलने वाली यात्री बसें भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में लेट हो जाती हैं। हालत यह है कि अधिकांश समय इस रूट पर स्थित गांव वालों को बसों के समय पर आने का इंतजार करना पड़ता है। बसों में सवार मरीजों को भी लम्बे समय तक फाटक पर खड़े रहकर अस्पताल पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ता है।
सांसद को अवगत कराया है
इस समस्या के बारे में हमने हाल ही राज्यसभा सांसद रामनारायण डूडी से मिलकर फाटक को डबल ट्रेक से दूर करवाने का निवेदन किया है।
- उम्मेदसिंह खोजा, सरपंच, खांगटा।
मुद्दा उठाया जाएगा
फाटक बंद रहने की समस्या सदन में उठाई जाएगी। मैं व्यक्तिगत रूप से भी रेल मंत्री से मिलकर इस समस्या का समाधान करवाने का प्रयास करुंगा।
- रामनारायण डूडी, सांसद राज्यसभा
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2kXV6Ez
0 comments:
Post a Comment