जोधपुर. शहर जिला कांग्रेस की ओर से शनिवार से दो दिवसीय मेरा बूथ मेरा गौरव प्रशिक्षण कार्यक्रम शहर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में शुरू किए गए। इसके पहले दिन का आगाज पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने किया। महावीर काम्पलेक्स में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा पर जमकर बरसे और उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आमजन को गुमराह कर रहे हैं। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि कभी घर वापसी तो कभी लव जिहाद के नाम पर जो माहौल बनाया जा रहा है। इससे देशवासी चिंतित है। ऐसा माहौल पहले कभी देखने को नहीं मिला। हर वर्ग दुखी है खासकर किसानों को खासी परेशानी है। उनसे जो वादे किए गए वे पूरे नहीं किए जा रहे। बीमा कंपनी कमा रही है वहीं किसान गरीब हो रहे हैं। आंदोलनों पर सरकार रोक लगा रही है। उनका दमन कर रही है। आंदोलन करना हर किसी का हक है। दो अप्रेल को भारत बंद के दौरान हुए उपद्रव और नुकसान एक सोची समझी रणनीति थी। बाकी आंदोलनों में ऐसा नहीं होता तब फोर्स लगा कर सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी जाती है। फिर दो अप्रेल को ही ऐसी घटनाएं क्यूं हुई? इस पर हमें विचार करने की जरूरत है।
नोटबंदी पर किया करारा प्रहार
मौजूदा सरकार की नीतियों के चलते धंधे चौपट हो गए हैं। मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। नोटबंदी के दौरान कई लोगों की मौतें सिर्फ लाइनों में लगने से ही हो गई थी। पीएम मोदी ने लोगों को समय तक नहीं दिया। गरीब लोगों के ऊपर क्या बीती होगी? इसकी कल्पना ही की जा सकती है। हमें बूथ स्तर के कार्यक्रम कर कार्यकर्ताओं के सुझाव सुनने होंगे तभी हम जीत दर्ज करवा सकेंगे। कार्यकर्ता आमजन के बीच जुड़ा रहता है इसलिए उसकी बात सुनने से हम आवाम से जुड़ सकते हैं।
भाजपा को नहीं पता नेहरू कितने बड़े नेता
मोदी ने कहा कि उन्होंने 18 हजार गांवों को रोशन किया है। जब देश में 6 लाख गांव हैं तो बाकी गांवों को किसने रोशन किया। बिजली क्या होती है यह आजादी के समय के बाद भी लोगों को नहीं पता थी। वह जमाना था और आज 70 सालों में देश रोशन हुआ है तो क्या ऐसे ही हो गया। गहलोत ने कहा कि पीएम को कभी झूठ नहीं बोलना चाहिए। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस कभी भगत सिंह से मिलने नहीं गई। पीएम मोदी इस प्रकार के गलत तथ्य बोल कर गुमराह कर रहे हैं। भाजपा के सभी नेता दूध के धुले हुए लगते हैं। ऐसा लगता है जैसे दूध के बड़े-बड़े कड़ाह बनाए गए होंगे और इसमें सभी भाजपा इसमें नहा कर आए हैं। भाजपा को यह ध्यान ही नहीं है कि पंडित नेहरू कितने बड़े नेता थे। उन्होंने देश को महाशक्तियों के बीच भारत की छवि को मजबूत किया है।
धक्का-मुक्की से हुए नाराज
गहलोत सुबह जेट एयरवेज की फ्लाइट से पहुंचें हैं। यहां एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए आए कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों की भीड़ ने उनका ने जोश और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। लेकिन इस दौरान उनके साथ एक अप्रिय घटना घट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत एयरपोर्ट से बाहर आने लगे इस दौरान एक व्यक्ति ने उनका जबरदस्ती से हाथ खींच लिया। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया। वे गिरने वाले थे लेकिन समर्थकों ने उनको सहारा दिया। इस शर्मनाक घटना के बाद गहलोत ने नाराजगी जताई और बाद में उनका व्यवहार भी कुछ उखड़ा-उखड़ा सा देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि जिला कांग्रेस महासचिव सुरेश व्यास एवं शांतिलाल लिम्बा ने बताया कि 9 जून प्रात: 10 बजे शहर विधानसभा का कार्यक्रम महावीर काम्प्लेक्स, सूरसागर विधानसभा क्षेत्र का शाम 4 बजे जूना खेड़ापति बालाजी मंदिर के पीछे गौतम भवन में हो रहा है।
लाइट जाने पर बाहर निकले
लगता है शनिवार के दिन अपने ही गृह नगर आना पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए अच्छा नहीं रहा। जहां एयरपोर्ट पर उन्हें धक्का-मुक्की का शिकार होना पड़ा। वहीं अपने भाषण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर एकदम से बिजली गुल हो गई। इससे नाराज होकर उन्होंने अपना भाषण रोक दिया और उसके बाद गहलोत वहां एक मिनट रुक कर रवाना हो गए। हालांकि बिजली आपूर्ति बहाल होने पर वे वापस आए और कार्यक्रम में भाग लिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2l0VDpw
0 comments:
Post a Comment